साल 2014 के पहले पद्म पुरस्कार परिवार में बंटते थे, अब धरातल पर सेवा कार्य करने वालों को दिए जाते हैं- राज्यपाल माथुर
डूंगरपुर, 16 फ़रवरी (हि.स.)। सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने कहा है कि साल 2014 के पहले पद्म पुरस्कार परिवार में और बड़े-बड़े लोगों को बांटे जाते थे। इसके बाद देश में पद्म पुरस्कार धरातल पर सेवा करने वालों को दिया जा रहा है। इसने कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। मुस्लिम को भी अवॉर्ड मिल रहा है। राज्यपाल माथुर ने पद्मश्री अवॉर्ड प्राप्त मूलचंद लोढ़ा के सेवा कार्यों की तारीफ करते हुए कहा कि ये वागड़ का हीरा है, जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सम्मानित किया। उनके सेवा कार्यों के चर्चे देशभर में है। वागड़ को गर्व करना चाहिए कि मूलचंद लोढ़ा वागड़ का हीरा है, जिन्हें पद्मश्री मिला। माथुर रविवार काे जागरण जन सेवा मंडल वागदरी द्वारा संचालित आचार्य महाप्रज्ञ नेत्र चिकित्सालय में तत्कालीन लोकसभा सांसद की विकास निधि से निर्मित भवन के विस्तारीकरण का लोकार्पण समारोह काे संबाेधित कर रहे थे।
राज्यपाल माथुर ने वागदरी में आचार्य महाप्रज्ञ आई हॉस्पिटल में सांसद कोष से बने 28 लाख रुपए के भवन का लोकार्पण किया। राज्यपाल ने आचार्य महाप्रज्ञ आई हॉस्पिटल के साथ ही बच्चों की शिक्षा और संस्कारों को लेकर किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर राज्यपाल माथुर द्वारा 20 लाख रुपये, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया द्वारा 20 लाख रुपये और उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. रावत द्वारा 15 लाख रुपये चिकित्सालय के विकास कार्यों के लिए जारी करने की घोषणा की गई। वहीं, राज्यपाल द्वारा 11 लाख रुपए का चेक मौके पर ही प्रदान किया गया।
सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने डूंगरपुर की स्वच्छता की तारीफ की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के समन्वयक और डूंगरपुर के पूर्व सभापति केके गुप्ता ने गुजरात में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के गांव को साफ कर दिखाया है। वे जब भी दिल्ली में गृहमंत्री से मिलते हैं, तो वे भी गुप्ता के बारे में जरूर पूछते हैं। स्वच्छता में उनके कामों को गृहमंत्री भी तारीफ करते हैं।
अध्यक्षीय उदबोधन में पूर्व सांसद कनकमल कटारा ने जागरण जनसेवा मण्डल के संस्थापक मूलचंद लोढ़ा को सेवा मनीषी निरूपित करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से जागरण जनसेवा मण्डल द्वारा सेवा क्षेत्र में चरित्रवान नागरिकों का निर्माण हो रहा है। राज्यसभा सदस्य चुन्नीलाल गरासिया ने कहा कि मूलचंद लोढ़ा ने अपना पूरा जीवन इस वनवासी क्षेत्र की सेवा में समर्पित कर दिया। आप सही मायनों में संत है। आपके इन्हीं सेवा कार्यों का परिणाम है कि भारत सरकार ने पद्मश्री से सम्मानित कर आपके सेवा प्रकल्पों का सम्मान किया है। उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत ने कहा कि सेवा के संस्कार वागदरी के इस सेवाधाम में प्रवाहित होते है। वनवासी अंचल में सेवा प्रकल्पों को गतिमान रखने हेतु समाज के प्रबुद्धजनों को आगे आना चाहिए। गुरु राजेश्वरानंद ने अपने आशीर्वचन में जागरण जन सेवा मंडल द्वारा संचालित किया जा रहे विभिन्न सेवा प्रकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार मूलचंद लोढ़ा जैसे अकेले व्यक्ति ने इस वनवासी अंचल में पीड़ित मानवता की सेवा का संकल्प लिया और तमाम अभावों के बावजूद निष्काम कर्म करते हुए समाज के प्रबुद्ध वर्ग के सहयोग से आज सेवा रूपी वटवृक्ष खड़ा कर दिया है।
मंच पर सम्मानित अतिथियों में राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, पूर्व सांसद लोकसभा कनकमल कटारा, पूर्व विधायक मावली धर्मनारायण जोशी, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के प्रदेश समन्वयक और नगर परिषद डूंगरपुर के पूर्व सभापति केके गुप्ता, सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा आदि सम्मिलित रहे। समारोह के प्रारंभ में जागरण जन सेवा मंडल के संयोजक पद्मश्री अलंकृत मूलचंद लोढ़ा ने समस्त अतिथियों का स्वागत सत्कार किया।
—————