विराट कोहली को मिली जीत की गुरुमंत्र

विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा और दोनों बच्चों के साथ शुक्रवार को मथुरा के प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे। यहां करीब आधे घंटे तक आध्यात्मिक चर्चा की। अनुष्का ने प्रेमानंद महाराज से भक्ति के लिए आशीर्वाद मांगा। इससे पहले 4 जनवरी, 2023 को दोनों प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे थे। प्रेमानंद महाराज ने विराट को बताया कि असफलता से निकलने के लिए अभ्यास जारी रखना होगा और जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि विजय के लिए दो चीजों की आवश्यकता होती है, एक अभ्यास और दूसरा प्रारब्ध। यदि प्रारब्ध नहीं है, सिर्फ अभ्यास है, तब जीत मुश्किल हो जाती है। इसके लिए प्रभु के ज्ञान के साथ-साथ उनका नाम जपना आवश्यक है।

विराट ने प्रेमानंद महाराज से पूछा कि असफलता में कैसे रहना है। महाराज ने जवाब में कहा कि असफलता में धैर्यपूर्वक भगवान का स्मरण करना चाहिए। अनुष्का ने प्रेमानंद महाराज से प्रेम भक्ति के लिए आशीर्वाद मांगा। महाराज ने कहा कि भक्ति के ऊपर कुछ नहीं है। विराट-अनुष्का ने अपना कार्यक्रम बेहद गोपनीय रखा और शुक्रवार तड़के संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम केली कुंज पहुंचे। यहां दोनों अपने चेहरे पर मास्क लगाए हुए थे। इस दौरान उनके साथ दोनों बच्चे भी थे।

प्रेमानंद महाराज की पढ़ाई-लिखाई सिर्फ 8वीं तक हुई है। उनके संत बनने की कहानी उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से शुरू होती है। वह 3 भाई हैं, प्रेमानंद मंझले हैं। उनके बचपन का नाम अनिरुद्ध कुमार पांडेय था। पिता शंभू पुरोहित का काम करते थे। अनिरुद्ध भी बचपन से ही आध्यात्मिक थे। आज जिन प्रेमानंद महाराज के भक्तों में आम आदमी से लेकर सेलिब्रिटी तक शुमार हैं, उनकी पढ़ाई-लिखाई सिर्फ 8वीं कक्षा तक हुई है। 9वीं में भास्करानंद विद्यालय में एडमिशन दिलाया गया, लेकिन 4 महीने में ही उन्होंने स्कूल छोड़ दिया।