भाजपा की प्राथमिकता दिल्ली की समस्याओं को हल करने की होनी चाहिए : देवेंद्र यादव
नई दिल्ली, 15 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्राथमिकता दिल्ली की समस्याओं को हल करने की होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दिल्ली के लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दों को दृढ़ता से उठाएगी।
देवेंद्र यादव ने शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कहा कि भाजपा ने दिल्ली में पहले की प्रचलित योजनाओं को फिर से शुरू करने की बात करना कोई आश्चर्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 2014 में भी यही काम किया था जब उसने केंद्र में कांग्रेस सरकार की परियोजनाओं को फिर से योजना बनाकर शुरू करने का काम किया था।
देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस हार के कारणों का पता लगाने और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए रोडमैप तैयार करने के लिए संसदीय क्षेत्रों की विधानसभा के कांग्रेस के उम्मीदवारों की बैठकें कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव परिणामों से सबक लेना और उनका अवलोकन करना हमारी प्राथमिकता रहेगी, ताकि आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार हो सके।
देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा की घोषणाओं पर विश्वास नहीं कि वे प्रदूषित यमुना की सफाई वास्तविकता में करेंगे, यमुना को साफ तभी माना जाएगा, जब कोई गहरी डुबकी लगाने पर स्वस्थ रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के क्रियाकलापों पर गहन नजर रखेगी।
देवेंद्र यादव ने कहा कि अगर “शीश महल“ के अवैध निर्माण की जांच का आदेश दिया जाता है या पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ जांच का आदेश दिया जाता है, तो आम आदमी पार्टी के नेताओं को कानून को अपना काम करने देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस ने सबसे पहले शराब नीति में भ्रष्टाचार और मुख्यमंत्री के निवास 6, फ्लैग स्टाफ रोड के निर्माण में सभी नियमों और विनियमों की धज्जियां उड़ाने को जनता के सामने उजागर किया था।
देवेंद्र यादव ने कहा कि इंडी गठबंधन का गठन भाजपा को रोकने के लिए किया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का आआपा के साथ गठबंधन केवल लोकसभा चुनावों के लिए था।
—————