नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की विस्तृत जांच की मांग देवेंद्र यादव ने की
नई दिल्ली, 16 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ रेल प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने भगदड़ की विस्तृत जांच और पीड़ितों को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की मौत का समाचार बेहद दुखद है।
महाकुंभ जैसे इतने बड़े आयोजन को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर भीड़ के प्रबंधन की कोई तैयारी क्यों नहीं की गई? यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में हर बार नाकाम साबित हो रहे रेल मंत्री को स्वयं तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
देवेंद्र यादव ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जो हादसा हुआ बहुत ही शर्मनाक है। मन बहुत ही दुखी है। मृतकों की संख्या अधिकारिक रूप से 18 बताई जा रही है, लेकिन मुझे लगता है कि यह ठीक नहीं है। जिस तरीके का नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर माहौल था। उसे सुनकर दिल बड़ा विचलित हो जाता है। इस दुख की घड़ी में हम उन मृतकों व घायलों के परिजनों के साथ खड़े हैं।
—————