आयुर्वेद विवि में नवीन पाठ्यक्रम पर अतिथि व्याख्यान का आयोजन
जोधपुर, 31 जनवरी (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन् राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय के पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद में पीजी प्रथम वर्ष के नवीन पाठ्यक्रम पर एक विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह व्याख्यान आयुर्वेद बोर्ड भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग भारत सरकार के सदस्य प्रोफेसर (वैद्य) कमलेश कुमार द्विवेदी द्वारा प्रस्तुत किया गया।
प्रोफेसर द्विवेदी ने आयुर्वेद शिक्षा में हो रहे आधुनिक परिवर्तनों और नवीन पाठ्यक्रम के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारतीय चिकित्सा पद्धति राष्ट्रीय आयोग नई दिल्ली द्वारा यह पाठ्यक्रम आयुर्वेद को वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक दृष्टिकोण से सशक्त बनाने के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि नवीन पाठ्यक्रम में किए गए महत्वपूर्ण संशोधन पाठ्यक्रम को आधुनिक अनुसंधान एवं पारंपरिक ज्ञान के समन्वय से और अधिक प्रभावी बनाया गया है। आयुर्वेद चिकित्सा में नवीन वैज्ञानिक दृष्टिकोण पैदा करेगा। आयुर्वेदिक शिक्षा में डिजिटल टूल्स का उपयोग बढ़ेगा। विद्यार्थियों के लिए करियर संभावनाएं आयुर्वेद के क्षेत्र में शिक्षण, अनुसंधान एवं चिकित्सीय सेवाओं में नए अवसरों पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं पूर्व कुलसचिव गोविंद सहाय शुक्ला ने कमलेश कुमार द्विवेदी का आभार व्यक्त किया और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।